नगरनौसा (नालंदा): नगरनौसा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को प्रखंड प्रमुख अंतरा देवी की अध्यक्षता में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान 16वीं एवं 6वीं वित्त आयोग की योजनाओं के चयन को लेकर पंचायत समिति सदस्यों से प्रस्ताव मांगे गए। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में तय मूल्य से अधिक कीमत पर खाद की बिक्री, पेयजलापूर्ति में आ रही समस्याओं, आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत, आवास योजना, मनरेगा और जनवितरण प्रणाली से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। पेयजलापूर्ति से संबंधित शिकायतों का दो दिनों के अंदर समाधान करने की बात कही गई।

पंचायत समिति सदस्यों ने अंचल कार्यालय में म्यूटेशन के मामलों में अनावश्यक परेशानी और आवेदन रिजेक्ट किए जाने का मुद्दा भी उठाया। सदस्यों ने कहा कि आम लोगों को म्यूटेशन के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
बैठक में नगरनौसा प्रखंड में बीपीआरओ और तकनीकी सहायक के पद खाली रहने का मामला भी उठाया गया। सदस्यों ने मांग की कि जब तक इन पदों पर स्थायी नियुक्ति नहीं होती, तब तक आसपास के प्रखंडों के बीपीआरओ एवं तकनीकी सहायकों को नगरनौसा का अतिरिक्त प्रभार दिया जाए, ताकि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की बाधा न आए।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमप्रकाश कुमार, अंचलाधिकारी नेहा कुमारी, बीसीओ राजीब रंजन तिवारी, बीपीएम अजय कुमार, मनरेगा जेई आकाश यादव, पीटीए दिनेश प्रसाद, विद्युत अभियंता विवेक कुमार केसरी, उपप्रमुख सुमंती देवी, मृदुला कुमारी, सुशीला देवी सहित प्रखंड के सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य एवं मुखिया उपस्थित रहे।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
