पटना : पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को आधुनिक शहरी सुविधाओं के साथ विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना से लैस करने की तैयारी है। टाउनशिप की समेकित योजना में खेल गतिविधियों और खेल अवसंरचना के लिए कुल 651 एकड़ क्षेत्र निर्धारित किया गया है। इसमें स्पोर्ट्स सिटी, गोल्फ कोर्स और आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने का प्रस्ताव है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में खेल सुविधाओं के विकास को लेकर बैठक हुई। बैठक में खेल विभाग की मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं। इस दौरान टाउनशिप में स्पोर्ट्स सिटी के विकास समेत विभिन्न खेल सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
651 एकड़ में विकसित होगा स्पोर्ट्स हब
नीतीश मिश्रा ने बताया कि पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप की योजना में कुल 651 एकड़ भूमि खेल गतिविधियों और खेल अवसंरचना के लिए रखी गई है। इसके तहत करीब 225 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी, 187 एकड़ में गोल्फ कोर्स और 239 एकड़ में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने का प्रस्ताव है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बिहार के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाना, उनकी प्रतिभा को निखारना और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में राज्य में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है।
ओलंपिक मानकों के अनुरूप होंगी खेल सुविधाएं
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को भविष्य उन्मुख टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां प्रस्तावित खेल सुविधाओं को ओलंपिक मानकों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बिहार में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए मजबूत आधारभूत संरचना तैयार होगी। साथ ही राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा के अवसर मिल सकेंगे।
12 प्रस्तावित टाउनशिप में विकसित होंगी खेल सुविधाएं
श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य में प्रस्तावित सभी 12 टाउनशिप में खेल सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक भूमि को चिन्हित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक टाउनशिप में बेहतर और आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करना है।
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, खेल विभाग के निदेशक आरिफ अहसन, नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार समेत संबंधित विभागों के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
