बेंगलुरु : बिहार को देश के प्रमुख डिजिटल और प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को बेंगलुरु में आयोजित ‘बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026’ के दौरान बड़ी मजबूती मिली। सम्मेलन में देश और दुनिया की अग्रणी आईटी कंपनियों, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) लीडर्स, स्टार्टअप्स, वेंचर कैपिटल फर्मों और उद्योग विशेषज्ञों ने बिहार में निवेश और दीर्घकालिक साझेदारी को लेकर सकारात्मक रुचि दिखाई।

इस अवसर पर बिहार सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि ऐसा आधुनिक तकनीकी इकोसिस्टम विकसित करना है, जहां नवाचार, उद्योग और युवाओं की प्रतिभा को समान अवसर मिले। उन्होंने कहा कि बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी 2026 राज्य में बड़े निवेश, गुणवत्तापूर्ण रोजगार और वैश्विक तकनीकी पहचान स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने उद्योग प्रतिनिधियों को राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेससिंगल विंडो क्लीयरेंस, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी। साथ ही कहा कि बिहार सरकार आईटी, आईटीईएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डीपटेक और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में राज्य को राष्ट्रीय स्तर का अग्रणी हब बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

वैश्विक कंपनियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठकें

सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने सम्मेलन के दौरान कई प्रमुख वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग्स कीं। Quess Corp के साथ रोजगार सृजन, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग पर चर्चा हुई, जबकि AdobeMercedes-BenzXLR Partners और Brandscapes Worldwide के प्रतिनिधियों के साथ बिहार में डिजिटल निवेश, अनुसंधान एवं नवाचार तथा GCC स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

सचिव ने बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और GCC पॉलिसी 2026 का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए निवेश के अवसरों, मजबूत डिजिटल अवसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उद्योग-अनुकूल नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार आज ऐसे राज्य के रूप में उभर रहा है, जहां युवा प्रतिभा, स्पष्ट नीतिगत प्रतिबद्धता और पारदर्शी प्रशासन निवेशकों को आकर्षित कर रहे हैं।

इन कंपनियों ने दिखाई रुचि

सम्मेलन में Honeywell, Adobe, Mphasis, Oracle, Salesforce, Razorpay, MyGate, NetApp, Trend Micro, Tejas Networks, RuralShores Business Services, Quodeck.ai सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन कंपनियों के साथ GCC स्थापना, आईटी पार्क विकास, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप इकोसिस्टम, रिसर्च एंड इनोवेशन और स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में संभावित निवेश और सहयोग पर गंभीर चर्चा हुई।

उद्योग प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार की नई औद्योगिक और तकनीकी नीतियों की सराहना करते हुए राज्य की युवा प्रतिभा, बढ़ते डिजिटल इकोसिस्टम और उद्योग-अनुकूल माहौल को भविष्य के निवेश के लिए अनुकूल बताया। उन्होंने बिहार के साथ दीर्घकालिक साझेदारी में गहरी रुचि भी व्यक्त की।

बिहार बन रहा है नया टेक डेस्टिनेशन

बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026 ने यह संकेत दिया है कि बिहार अब केवल संभावनाओं का राज्य नहीं, बल्कि डिजिटल निवेश, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ राष्ट्रीय केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार की नई नीतियां और उद्योग जगत के साथ बढ़ता सहयोग आने वाले वर्षों में बिहार को देश के प्रमुख आईटी निवेश गंतव्यों में शामिल कर सकता है।

You missed