पटना: बिहार की राजनीति में आज एक नया अध्याय शुरू हुआ जब सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की कमान संभाल ली। यह पहला अवसर है जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता बिहार में मुख्यमंत्री बना है।

पटना स्थित लोकभवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

समारोह में दिखी राजनीतिक एकजुटता

इस मौके पर कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनमें जेपी नड्डा, नीतीश कुमार और चिराग पासवान शामिल थे। समारोह ने गठबंधन की मजबूती और राजनीतिक संतुलन का संकेत दिया।

मंदिर दर्शन के बाद ली शपथ

मुख्यमंत्री पद संभालने से पहले सम्राट चौधरी ने पटना के पंचरूपी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे सीधे शपथ समारोह में पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया और नारेबाजी भी हुई।

उपमुख्यमंत्रियों का बयान

उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव ने निशांत कुमार की राजनीति में भागीदारी को लेकर कहा कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। वहीं तेजस्वी यादव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने राजनीतिक विरासत पर सवाल उठाए।

दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने अपनी नियुक्ति के लिए नीतीश कुमार का आभार जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार आगे भी नीतीश कुमार के विकास मॉडल और नीतियों को आधार बनाकर काम करेगी।

‘नए युग’ की शुरुआत

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही बिहार में एक नए राजनीतिक दौर की शुरुआत मानी जा रही है। हालांकि, सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि विकास की दिशा वही रहेगी, जो अब तक तय की गई थी बस नेतृत्व में बदलाव हुआ है।