पटना : बिहार के शहरी विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए ₹1 लाख करोड़ के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री के समक्ष समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 3 लाख एकड़ क्षेत्र में आधुनिक और सुव्यवस्थित सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे, जहां विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना, बेहतर आवासीय सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को इस परियोजना में लैंड पुलिंग के माध्यम से भागीदार बनाया जाएगा। मुआवजे के लिए आवेदन करने वाले किसानों को 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार HUDCO के माध्यम से ₹1 लाख करोड़ का निवेश कर रही है, जबकि इसके अतिरिक्त लगभग ₹6 लाख करोड़ का निजी एवं संस्थागत निवेश भी आकर्षित करने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल, सीवरेज, विद्युत आपूर्ति, हरित क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, वाणिज्यिक केंद्र और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे लोगों को विश्वस्तरीय शहरी जीवन का अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना राज्य के आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ निर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देगी और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से बिहार योजनाबद्ध और समावेशी शहरीकरण के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा तथा राज्य में 35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग और HUDCO की ओर से मुख्यमंत्री का पौधा, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित नगर विकास एवं आवास विभाग तथा HUDCO के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed