पटना: उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मानसून से पहले राज्यभर में तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी नगर निकायों में जलजमाव की समस्या का समय रहते ठोस और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने कहा कि नालों की नियमित सफाई, जल निकासी प्रणाली को मजबूत करना और जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान प्राथमिकता के आधार पर की जाए। उन्होंने यह भी दोहराया कि आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और मानसून शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।

दो अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी

प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए दो अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। किशनगंज में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मो. इरफान आलम को नगर पंचायत ठाकुरगंज के कार्यपालक पदाधिकारी का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। वहीं, नगर पंचायत सिंधिया के कार्यपालक पदाधिकारी प्रिंस कुमार को नगर परिषद रोसड़ा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

यह जिम्मेदारी उन्हें उनके मौजूदा पद के साथ-साथ बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 की धारा 41 के तहत दी गई है, ताकि नगर निकायों में कार्यों की निरंतरता और बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

लापरवाही पर सख्त चेतावनी

मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि मानसून 2026 से पहले नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था की मजबूती, पंपिंग सेट की उपलब्धता और संवेदनशील इलाकों की पहचान हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार आम जनता को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी तैयारियों की नियमित निगरानी (मॉनिटरिंग) सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

You missed