पटना : पटना में आयोजित बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शताब्दी वर्ष समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित होने से ही राज्य की समृद्धि का रास्ता खुलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेशकों और उद्योगपतियों को हर संभव सहूलियत और सुरक्षा दी जाएगी।

उद्योग नीति में बदलाव के लिए उद्योग मंत्री से मिलने का आग्रह
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 में जरूरत के अनुसार संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने व्यवसायियों से कहा कि यदि उद्योग नीति में किसी प्रकार के बदलाव की आवश्यकता महसूस हो तो बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल उद्योग मंत्री से मिले, ताकि उद्योग जगत की जरूरतों के अनुसार नीति बनाई जा सके।

हर तीन महीने पर व्यवसायियों के साथ होगी प्रशासनिक बैठक
व्यवसायियों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रत्येक तीन माह पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक जिला स्तर पर व्यवसायियों के साथ नियमित बैठक करेंगे। इन बैठकों में सुरक्षा और अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

बिहार में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में जेपी गंगा पथ, राघोपुर ब्रिज, नए पुलों और 126 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर और दक्षिण बिहार को बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए कई नए सेतु और एलिवेटेड पथ बनाए जा रहे हैं।

शिक्षा, तकनीक और एमएसएमई सेक्टर पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास के लिए एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने राज्य के सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और तकनीकी विकास पर लगातार काम कर रही है, ताकि बिहार को ज्ञान और उद्योग दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ाया जा सके।
