पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पटना मेट्रो रेल परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी चरणों को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2 जुलाई 2026 को पटना मेट्रो का विस्तार मलाही पकड़ी तक जनता के लिए समर्पित किया जाएगा, जिससे राजधानीवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।

समीक्षा बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा पटना मेट्रो रेल परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने न्यू आईएसबीटी से आकाशवाणी तक प्रस्तावित कॉरिडोर-1 और न्यू आईएसबीटी से मीठापुर (जगनपुरा होते हुए) तक चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि परियोजना के विभिन्न स्थलों पर समानांतर रूप से कार्यों की गति बढ़ाई जाए, ताकि सभी चरण समय पर पूरे किए जा सकें। उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए प्रभावी और वैज्ञानिक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे पटना शहर की यातायात व्यवस्था का व्यापक अध्ययन कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समग्र ट्रैफिक प्रबंधन योजना बनाने को कहा। निर्माण स्थलों पर सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो के संचालन से राजधानीवासियों को सुरक्षित, तेज, आधुनिक और विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों का आवागमन अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनेगा।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना का समयबद्ध विकास आवश्यक है।

बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।