भागलपुर :  रामनवमी के पावन अवसर पर 26 मार्च को भगवा क्रांति संगठन के तत्वावधान में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर संगठन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं और शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा एवं भारत माता की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण होंगी। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आएगा। इस शोभायात्रा में भगवा क्रांति संगठन के साथ-साथ शहर के कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठन भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे आयोजन को सफल बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

शोभायात्रा का शुभारंभ घंटाघर चौक से होगा, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बुढ़ानाथ मंदिर के समीप समाप्त होगी। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शरबत एवं पानी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी को असुविधा न हो। कार्यक्रम के समापन पर बुढ़ानाथ मंदिर के पास भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं आयोजन के तहत कन्या पूजन भी किया गया। इस दौरान कन्याओं ने शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कही। इस बार शोभायात्रा में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिलने की उम्मीद है। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता के माध्यम से शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को सफल बनाएं आज के प्रेसवार्ता के दौरान संगठन के संस्थापक कुणाल सिंह सुमन साह चंदन ठाकुर के अलावे दर्जनों सदस्य मौजूद थे। वही यह शोभायात्रा एक तरफ कहीं ना कहीं गंगा जमुनी तहजीब को कायम करते हुए दिखेगा। इस शोभा यात्रा में मुस्लिम समुदाय के भी कुछ लोग नजर आएंगे। वही प्रेस वार्ता में सैयद मोहम्मद अहमद खानका परिवार के सदस्य ने हनुमान चालीसा के श्लोक को पढ़ाते हुए विस्तार से उसका वर्णन करते हुए लोगों को इस शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कही।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट