छपरा : वैश्विक तनाव खासतौर पर अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का असर अब भारत के स्थानीय इलाकों तक दिखने लगा है। रसोई गैस की आपूर्ति में बाधा के बीच छपरा जिले के सोनपुर से एक मानवीय पहल की अनोखी मिसाल सामने आई है।
अमेरिका में रह रहे कुंदन कुमार ने ईमेल के जरिए प्रशासन से गुहार लगाई कि उनके बुजुर्ग माता-पिता सोनपुर में अकेले रहते हैं और उनके घर का गैस सिलेंडर खत्म हो चुका है। उन्होंने बताया कि चार महीने पहले ही सिलेंडर लिया गया था, लेकिन अब अचानक खत्म हो जाने से उनके माता-पिता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ईमेल मिलते ही सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मार्केटिंग ऑफिसर को मौके पर भेजा। प्रशासन की तत्परता से न सिर्फ स्थिति की जांच की गई, बल्कि बुजुर्ग दंपति को तुरंत नया गैस सिलेंडर भी उपलब्ध कराया गया।
गैस संकट पर लोगों का गुस्सा फूटा
वहीं दूसरी ओर, गैस की कमी को लेकर आम लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। जिले के एकमा प्रखंड के परसागढ़ स्थित बाबा प्रसादी नाथ मंदिर के पास ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भारत गैस एजेंसी द्वारा सिलेंडर वितरण में अनियमितता हो रही है। समय पर गैस नहीं मिल रही और वितरण मनमाने तरीके से किया जा रहा है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन और गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश शुरू की।
जांच के आदेश
जिले के डीएम वैभव श्रीवास्तव ने पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
