पटना : पटना में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना हवाई अड्डे के रनवे विस्तार और क्षमता वृद्धि के कार्य को तेज़ी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना में राज्य सरकार, नागर विमानन मंत्रालय को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी, ताकि राजधानी सहित पूरे बिहार की हवाई सेवाओं को और मजबूत बनाया जा सके।

बिहार में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए तैयार हो रहा व्यापक रोडमैप

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है और अगले पांच वर्षों में एयर कनेक्टिविटी को दस गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार सभी जिलों को हवाई संपर्क से जोड़ने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार कर रही है। बैठक में दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने, पूर्णिया सिविल एन्क्लेव, मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, सहरसा, बीरपुर और फारबिसगंज एयरपोर्ट के विकास सहित कई परियोजनाओं पर चर्चा हुई।

पर्यटन, निवेश और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने बिहार को पूर्वी भारत का क्षेत्रीय एविएशन हब बनाने के लक्ष्य पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षित, आधुनिक और टिकाऊ हवाई संपर्क राज्य के विकास की नई पहचान बनेगा।