गया : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गया जिले के खिजरसराय में 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि खिजरसराय में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाएगा, जिसके लिए राज्य सरकार 40 एकड़ भूमि उपलब्ध कराएगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने संयुक्त रूप से रिमोट बटन दबाकर प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास किया तथा भूमि पूजन कर परियोजना का शुभारंभ किया। साथ ही गया-इस्लामपुर-खिजरसराय मार्ग से टेक्नोलॉजी सेंटर (देवगांव) तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में एमएसएमई क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। वर्ष 2022 में राज्य में एमएसएमई इकाइयों की संख्या 6 लाख थी, जो अब बढ़कर 46 लाख से अधिक हो गई है। इससे 1 करोड़ 87 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिजली, सड़क और पेयजल सहित कई क्षेत्रों में व्यापक विकास हुआ है। मुख्यमंत्री के अनुसार, आज राज्य के 2 करोड़ 22 लाख परिवारों तक बिजली कनेक्शन पहुंच चुका है और बिहार देश में सबसे सस्ती एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बन चुका है। राज्य सरकार उपभोक्ताओं को 23 हजार करोड़ रुपये की बिजली सब्सिडी दे रही है तथा 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी सामाजिक पेंशनधारियों के खातों में हर महीने की 10 तारीख तक पेंशन राशि भेजने की व्यवस्था कर दी गई है। साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने की योजनाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने फल्गू नदी के पुनर्जीवन का संकल्प दोहराते हुए कहा कि इंद्रपुरी जलाशय, सोन नदी और बाणसागर समझौते से प्राप्त जल को हर हाल में फल्गू नदी तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे गया क्षेत्र की धार्मिक और पर्यावरणीय महत्ता को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, केंद्रीय एवं राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी केंद्र, सड़क और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण से खिजरसराय क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार और खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे

You missed