भूमि बचाओ संघर्ष समिति की बैठक में सड़क जाम, काला दिवस और बाजार बंद जैसे कार्यक्रमों पर चर्चा, जनप्रतिनिधियों से सीएम के समक्ष मुद्दा उठाने की अपील।
सीतामढ़ी : भूमि बचाओ संघर्ष समिति, सैटेलाइट सीतापुरम प्रोजेक्ट, सीतामढ़ी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक पुनौरा स्थित समिति कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक एवं पूर्व सरपंच संतोष कुमार सिंह ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार द्वारा किसान-मजदूरों की मांगों की लगातार उपेक्षा के विरोध में एक सप्ताह बाद समिति कार्यालय, पुनौरा में किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। महापंचायत में आंदोलन के दूसरे चरण के तहत सड़क जाम, काला दिवस और बाजार बंद जैसे कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।
बैठक में समिति के नेताओं ने कहा कि जिले के हजारों किसान-मजदूरों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सैटेलाइट सीतापुरम प्रोजेक्ट को वापस लेने की मांग की थी, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। समिति का आरोप है कि सरकार परियोजना का दायरा लगातार बढ़ा रही है। पहले 32 राजस्व गांव, फिर 44 और अब 99 राजस्व गांवों को इस परियोजना में शामिल कर लिया गया है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि उनका प्रतिनिधिमंडल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी मिल चुका है। अब जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे मुख्यमंत्री से बातचीत कर इस परियोजना को रद्द कराने का प्रयास करें।

बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार बिना किसानों की सहमति और परियोजना का विस्तृत प्रारूप सार्वजनिक किए लैंड पूलिंग के माध्यम से 45 प्रतिशत भूमि लेने की तैयारी कर रही है। इससे किसानों की पुश्तैनी जमीन और गांवों के विस्थापन का खतरा बढ़ गया है।
समिति का कहना है कि सीतामढ़ी जिले की बड़ी मात्रा में कृषि योग्य भूमि पहले ही विभिन्न परियोजनाओं जैसे वियाडा, औद्योगीकरण, बॉर्डर रोड, रामजानकी पथ, सैनिक रोड, स्टेट हाईवे, रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य योजनाओं के लिए अधिग्रहित की जा चुकी है। इसके बावजूद जिले से पलायन की समस्या कम नहीं हुई है।
बैठक में प्रो. आनंद किशोर, बैधनाथ हाथी, किशोरी हाथी, राम सागर ठाकुर, प्रेमचंद्र सिंह, राजन हाथी, सुधीर कुमार सिंह, खेदू महतो, सतीश कुमार सिंह, धीरज कुमार, अनबर अली, लालबाबू साह, रामकिशोर महतो, अजय ठेकेदार, जितेंद्र हाथी, शिवजी महतो, बिकाऊ महतो, शंभू कुमार यादव, अयूब अंसारी, गुड्डू हाथी, राजीव कुमार सहित कई सदस्यों ने अपने विचार रखे।
