पटना: बिहार सरकार राज्य की नर्सरियों को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को कृषि विभाग के सभागार में नर्सरी संचालकों, किसानों, उद्यमियों और अन्य हितधारकों के साथ संवाद कर नर्सरी क्षेत्र के विकास की व्यापक रूपरेखा साझा की।
बैठक में गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, स्व-प्रमाणीकरण (Self-Certification), प्रमाणन व्यवस्था, वैज्ञानिक प्रबंधन और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिहार की नर्सरियों को केवल पौध उत्पादन तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें रोजगार सृजन, उद्यमिता, हरित अर्थव्यवस्था और किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि बिहार के बागवानी क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और आधुनिक प्रबंधन के जरिए राज्य देश में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिसमें नियमों का पालन करने वालों को प्रोत्साहन मिले और बार-बार नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

मंत्री ने बताया कि नर्सरी क्षेत्र में डिजिटल तकनीकों का अधिक उपयोग, पारदर्शी स्व-प्रमाणीकरण व्यवस्था, प्रमाणित पौध उत्पादन, नियमित प्रशिक्षण और वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध होंगे, उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ेगा और बिहार की नर्सरियों की विश्वसनीयता राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, आधुनिक नर्सरी प्रबंधन और बागवानी नवाचार का राष्ट्रीय हब बनाना है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी, युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
संवाद कार्यक्रम में नर्सरी संचालकों और अन्य हितधारकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी मंत्री के समक्ष रखे। कृषि मंत्री ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार किसानों और नर्सरी संचालकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखेगी, ताकि बिहार का नर्सरी क्षेत्र देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सके।

