पटना :  बिहार में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की शुरुआत राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इस यात्रा में बिहार सरकार के मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर और तिरंगा लहराकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के जयघोष, देशभक्ति की धुन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।

17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में शुरू हुआ तिरंगा अभियान 17 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे राष्ट्र गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। पंचायत, नगर निकाय और जिला स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि देश की अखंडता, संप्रभुता, एकता, लोकतंत्र और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग एवं बलिदान से देश को मिली आजादी और तिरंगे की गरिमा की रक्षा करना हर नागरिक, विशेषकर युवा पीढ़ी का दायित्व है।

तिरंगे के तीनों रंगों का बताया महत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग साहस, त्याग और बलिदान का, सफेद रंग शांति का तथा हरा रंग समृद्धि का प्रतीक है। भारत शांति का पक्षधर है, लेकिन देश की सुरक्षा और संप्रभुता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वर्ष 2047 तक विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। देश विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और भारत को आगे बढ़ाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

21 लाख तिरंगे झंडों का किया गया वितरण

मुख्यमंत्री ने बताया कि कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत 21 लाख तिरंगे झंडों का वितरण किया गया है। पंचायती राज विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग भी अभियान में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह अभियान बिहार के करीब 14 करोड़ लोगों की जनभागीदारी का अभियान है। सभी लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता का संदेश दें।

जेपी गोलंबर पहुंचकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण को किया नमन

तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए जेपी गोलंबर पहुंचने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे पहले लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने ‘सेल्फी विद तिरंगा’ प्वाइंट पर तस्वीर भी खिंचवाई।

कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने भी संबोधित किया। कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

बड़ी संख्या में मंत्री, जनप्रतिनिधि और आम लोग हुए शामिल

तिरंगा यात्रा में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश सहित अन्य मंत्री, विधायक एवं विधान पार्षद शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार सहित कई वरीय अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली आजादी और तिरंगे की गरिमा को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बिहारवासियों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-आंदोलन बनाएं और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।

You missed