पटना : बिहार की राजधानी पटना स्थित पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (PMCH) में मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने PMCH पुनर्विकास योजना के फेज-1 के तहत नवनिर्मित अस्पताल भवन टावर-3 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि PMCH में अब एक साथ 2,500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ इलाज होगा। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।
टावर -3 में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का जायजा

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित टावर-3 के विभिन्न तलों का निरीक्षण किया। भूतल पर उन्होंने ओपीडी मरीजों के पंजीकरण के लिए बनाए गए कियोस्क और काउंटर, अल्पाहार गृह तथा पुनर्विकास योजना के तहत पूरे हो चुके और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) यानी बच्चों के गहन चिकित्सा कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन विभागों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और रेडियोलॉजी विभाग का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने टावर-3 के छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (OT)-22 का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों, स्त्री रोग संबंधी ऑपरेशन थिएटर और अन्य चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल के सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने अस्पताल की सुविधाओं के नियमित रखरखाव, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की निगरानी पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि PMCH को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बेहतर चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए पुनर्विकास योजना के शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल परिसर में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बच्चों के बीच पोषण किट का वितरण

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने टावर-3 के भूतल पर भर्ती बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने PMCH के चिकित्सकों और पदाधिकारियों के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर उनका अभिनंदन किया।
कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन और PMCH के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
PMCH पुनर्विकास योजना के तहत अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होने से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
