भागलपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर भागलपुर के बाबा बूढ़ानाथ गंगा घाट पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अंग सेवा समिति के तत्वावधान में संध्या अर्घ्य के पश्चात मां गंगा एवं छठी मैया की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा गंगा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। महाआरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां गंगा और छठी मैया की आराधना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

महाआरती के दौरान शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि और जयकारों से पूरा घाट गूंज उठा। पंडित रमेश झा (पप्पू) ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस भव्य आयोजन में रोहित पांडेय, वसुंधरा लाल, मृणाल शेखर, प्रीति शेखर, श्वेता सिंह एवं संजय कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंग सेवा समिति के अध्यक्ष अभय कुमार घोष (सोनू) ने बताया कि समिति की ओर से छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुन्ना गांधी, राजेश टांडा, मोहित सिंह, मनोज गुप्ता, विनय सिन्हा, आलोक राय, विशाल कुमार, लव कुमार, शशांक जायसवाल, दीपक कुमार, चंद्रिका प्रसाद, कैलाश हरी, विजय मंडल, सुरेंद्र एवं कन्हैया कपूर सहित समिति के सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे।

महाआरती के बाद हुआ खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण

धार्मिक अनुष्ठान और महाआरती के समापन के बाद अंग सेवा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया। हजारों भक्तों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया। घाट पर सेवा और सहयोग का भाव भी देखने को मिला।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अभय कुमार घोष (सोनू) ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति, सामाजिक एकता और सेवा भावना का प्रतीक है। अंग सेवा समिति वर्षों से बाबा बूढ़ानाथ गंगा घाट पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा में समर्पित रही है और भविष्य में भी इसी समर्पण एवं सेवा भाव के साथ कार्य करती रहेगी।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट