सोनपुर : बिहार के विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने सोनपुर के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर का 1,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। साथ ही सोनपुर में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की योजना है। सरकार का लक्ष्य सोनपुर मेले को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार, रोजगार और अर्थव्यवस्था का प्रमुख वैश्विक केंद्र बनाना है।
उद्घाटन समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सोनपुर मेला-2026 की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एआई चैटबॉट का भी लोकार्पण किया। मेले का आयोजन 22 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।
सोनपुर में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सोनपुर और आसपास के क्षेत्रों को विकास के नए केंद्र के रूप में तैयार किया जाएगा। यहां दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाने के साथ आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की योजना है। गंगा और गंडक नदियों से गाद निकालने, गंगा अंबिका पथ तथा सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ के निर्माण की भी घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि सोनपुर-हाजीपुर पुल को अगले वर्ष जून से पहले दो लेन से फोरलेन में चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
पांच साल में 50 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए अगले पांच वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राज्य में आधारभूत संरचना, उद्योग, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। सोनपुर और आसपास के इलाकों में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
50 लाख बहनें बनेंगी पशु सखी
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही वर्ष 2030 तक बिहार में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आमदनी के नए अवसर पैदा होंगे।
धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा सोनपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर का 1,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सोनपुर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि सोनपुर मेला बिहार की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इसकी ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय आयोजन बनाना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य है, जिसमें बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वर्ष 2037 तक समृद्ध बिहार बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए भी सभी को मिलकर काम करना होगा।
कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद राजीव प्रताप रूडी और जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, केदार प्रसाद गुप्ता, डॉ. प्रमोद कुमार सहित कई विधायक, विधान पार्षद और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक (विशेष सुरक्षा) कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद थे
