रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने दादा एवं अमर शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रामगढ़ जिले के लुकैयाटांड (नेमरा) स्थित शहीद स्थल पहुंचे और शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने दादा के संघर्ष, त्याग और शहादत को याद करते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। इस मौके पर उनकी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

शहीद सोबरन सोरेन के शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। सभी ने अमर शहीद के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके विचारों और समाज के प्रति योगदान को याद किया।

इस अवसर पर शहीद स्थल पर श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। लोगों ने शहीद सोबरन सोरेन के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। शहीद सोबरन सोरेन का बलिदान झारखंड के इतिहास और सामाजिक संघर्षों की प्रेरणादायक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को भी साहस, स्वाभिमान और अपने अधिकारों के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता रहेगा।
विकास कुमार उपाध्याय
