नगरनौसा (नालंदा): विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध में नगरनौसा बस स्टैंड के समीप इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बस स्टैंड के पास एकत्रित हुए और SIR प्रक्रिया को लेकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने इस प्रक्रिया को रद्द करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर लोगों के बीच कई तरह की आशंकाएं हैं। उनके अनुसार, मतदाता सूची में नाम से संबंधित प्रक्रिया को लेकर आम लोगों को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए और उनके अधिकारों से जुड़े विषयों पर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि SIR को लेकर उनकी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया।

इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे। पुतला दहन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष बाल्मीकि प्रसाद, राजद प्रखंड अध्यक्ष श्रवण कुमार, सीपीआईएम के जनार्दन प्रसाद और रामदास अकेला समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
