पटना : बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए राज्य की बीज गुणवत्ता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए हैं। मीठापुर स्थित कृषि भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं तथा राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना एवं सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 31 जिला स्तरीय बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है और इनके संचालन एवं सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी जानकारी मांगी कि राज्य में बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना किस वित्तीय वर्ष से शुरू हुई और वर्तमान में इसका विस्तार किस स्तर तक पहुंचा है।

अमानक बीजों पर मांगी तीन वर्षों की रिपोर्ट

कृषि मंत्री ने पिछले तीन वर्षों में अमानक (Sub-standard) पाए गए बीजों की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बाजार में अमानक बीजों की शिकायतें सामने आती हैं, इसलिए यह आवश्यक है कि संबंधित बीज कंपनियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का पूरा विवरण विभाग के पास उपलब्ध हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि बाजार में बेचे जा रहे बीजों में गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित कंपनियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आधार से प्रमाणित बीज उत्पादन श्रृंखला को मजबूत करने पर जोर

बैठक में राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने निर्देश दिया कि मौसम और समय के अनुरूप आधार (Foundation) बीज उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही आधार बीज से प्रमाणित (Certified) बीज उत्पादन की श्रृंखला को बिहार राज्य बीज निगम के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराया जा सके।

गुणवत्तायुक्त बीज से बढ़ेगा कृषि उत्पादन

श्री सिन्हा ने कहा कि गुणवत्तायुक्त बीज कृषि उत्पादन बढ़ाने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार किसानों को बेहतर और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा बीज गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि किसानों तक समय पर बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाए।

You missed