पटना : बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में दरभंगा नगर निगम की प्रमुख प्रगतिशील एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा के विधायक संजय सरावगी भी उपस्थित रहे।
बैठक में दरभंगा शहर में संचालित सभी प्रमुख विकास योजनाओं एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। मंत्री ने योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माणाधीन योजनाओं को गुणवत्ता से समझौता किए बिना समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही, वित्तीय अनियमितता या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं संवेदक के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जलापूर्ति, सीवरेज, सड़़क निर्माण, नाला निर्माण तथा शहरी सौंदर्यीकरण से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जिन प्रमुख परियोजनाओं पर विशेष चर्चा हुई उनमें जलापूर्ति परियोजना, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना, बस स्टैंड परियोजना, मोक्षधाम परियोजना एवं तालाबों के पुनरुद्धार एवं जीर्णोद्धार से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0, व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण, लिगेसी अपशिष्ट के बायो-रेमिडिएशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली तथा स्ट्रीट लाइट एवं हाई मास्ट लाइट अधिष्ठापन योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री हर घर नल का जल निश्चय योजना, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना एवं दीनदयाल उपाध्याय शहरी आजीविका मिशन की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही दरभंगा आयोजना क्षेत्र, प्रस्तावित संशोधित आयोजना क्षेत्र, विशेष क्षेत्र एवं कोर एरिया के विकास की भावी रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। मंत्री ने कहा कि दरभंगा के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
बैठक में विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, सचिव संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी, बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर, विशेष सचिव राजीव कुमार श्रीवास्तव, अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा, अपर सचिव मनोज कुमार सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
