नालंदा: जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बुधवार को आयोजित दैनिक जनता दरबार में जिलाधिकारी उदिता सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से आए 34 आवेदकों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने सभी मामलों के शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनता दरबार के दौरान आंगनबाड़ी भवन निर्माण में कथित लापरवाही तथा भवन में बच्चों और महिलाओं के सुरक्षित उपयोग से जुड़े मामले पर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, बिहारशरीफ एवं अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दाखिल-खारिज में हो रही समस्याओं, गलत मीटर रीडिंग के कारण अधिक बिजली बिल आने, भूमि पर जबरन घेराबंदी, परिमार्जन लंबित रहने तथा भूमि माफिया द्वारा जमीन हड़पने की शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

शिक्षा विभाग से जुड़े एक मामले में फर्जी तरीके से अनुपस्थिति दर्ज करने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालंदा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा सिलाव प्रखंड के नगर पंचायत वार्ड संख्या-13 में सरकारी पईन में जमीन से लगभग तीन फीट ऊपर अवैध रूप से आरसीसी पाइप लगाए जाने की शिकायत पर भी संबंधित अधिकारियों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में प्राप्त अन्य सभी आवेदनों को भी संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
