पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एम्स, पटना का निरीक्षण करते हुए संस्थान के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एम्स के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगी और संस्थान के विस्तार हेतु 24 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने में आवश्यक सहायता देगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अतिरिक्त भूमि मिलने के बाद एम्स, पटना में लगभग 200 नए बेड जोड़े जाएंगे, जिससे मरीजों को बेहतर और अधिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
एम्स-नाथूपुर फोरलेन सड़क जल्द होगी पूरी
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एम्स, पटना से नाथूपुर तक प्रस्तावित चार लेन सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
बर्न मरीजों के लिए स्किन स्टोरेज की होगी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के बेहतर इलाज के लिए एम्स में स्किन स्टोरेज (त्वचा भंडारण) की व्यवस्था विकसित की जाएगी। राज्य सरकार इस परियोजना में पूरा सहयोग देगी, जिससे बर्न मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिल सकेगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बर्न वार्ड का भी दौरा किया, मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
न्यूक्लियर मेडिसिन और ऑन्कोलॉजी विभाग का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने डिपार्टमेंट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन में PET-CT रूम, SPECT-CT रूम और रेडियो फार्मेसी लैब का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने ऑन्कोलॉजी विभाग, एनाटॉमी विभाग और ओपीडी की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
एम्स परिसर के तालाब को बनाया जाएगा पर्यटन केंद्र

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने एम्स परिसर स्थित तालाब का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को तालाब के जीर्णोद्धार का निर्देश देते हुए कहा कि इसे पर्यटन एवं आकर्षण के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यह पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों के लिए भी एक सुंदर स्थल बन सके।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एम्स, पटना के विकास से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों में राज्य सरकार सक्रिय सहयोग देती रहेगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, विशेष सचिव अरविंद कुमार चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, एम्स के निदेशक प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।
