सीतामढ़ी : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुनौराधाम में प्रस्तावित मां जानकी मंदिर निर्माण और पूरे क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मंदिर का निर्माण हर हाल में 31 दिसंबर 2028 तक पूरा किया जाए।

बैठक में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की प्रगति और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसमें तीर्थयात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं, प्रेक्षागृह, गर्भगृह, सीता कुंड का विकास, वीआईपी एवं संत निवास, और प्रस्तावित सीतापुरम टाउनशिप जैसी योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनौराधाम को एक सुव्यवस्थित धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि माता सीता से जुड़े सभी प्रमुख स्थलों को पुनौराधाम से जोड़ा जाए, ताकि श्रद्धालु यहां अधिक समय बिताकर दर्शन और भ्रमण कर सकें।

समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने मां जानकी की प्रकट्य स्थली (उर्विजा कुंड) में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही उन्होंने मंदिर के प्रस्तावित मॉडल का भी अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि परियोजना के तहत मिट्टी परीक्षण और सर्वेक्षण कार्य पूरे हो चुके हैं तथा बैरिकेडिंग का काम जारी है। मंदिर परिसर के गर्भगृह और कुंड को विशेष रूप से विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि स्थानीय सुझावों जैसे लक्ष्मणा नदी से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
