पटना : पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल की जयंती के अवसर पर मंगलवार को पटना में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान देशरत्न मार्ग एवं सर्कुलर पथ चौराहा स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक श्याम रजक, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी स्वर्गीय बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल के पौत्र डॉ. मनीष मंडल एवं उनके परिजन भी मौजूद रहे। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

राजकीय समारोह के दौरान सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन के साथ राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल के योगदान और उनके प्रति सम्मान का भाव देखने को मिला।