पटनाः राष्ट्रीय लोकमोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा अपने बेटे दीपक प्रकाश को बिहार की राजनीति में मजबूत जगह दिलाने की कोशिश में हैं, लेकिन बीजेपी के फैसले ने उनकी रणनीति को बड़ा झटका दिया। मंगल पांडेय की खाली हुई MLC सीट पर बीजेपी ने अरविंद शर्मा को मौका देकर दीपक प्रकाश की उम्मीदों पर फिलहाल विराम लगा दिया। इसके बाद दीपक प्रकाश की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात ने नई राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे दिया है। माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी अब कुशवाहा समाज को साधने के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश दे सकते हैं।
MLC की 9वीं सीट पर NDA का नया ‘नंबर गेम’ संभव
बिहार की राजनीति में अब चर्चा इस बात की है कि बीजेपी दीपक प्रकाश को विधान परिषद पहुंचाने के लिए नया राजनीतिक गणित तैयार कर सकती है। राज्यसभा चुनाव में जिस तरह विपक्ष के कुछ विधायकों की अनुपस्थिति और दूसरी वरीयता के वोटों के सहारे NDA ने बाजी पलटी थी, वैसा ही प्रयोग MLC चुनाव की 9वीं सीट पर भी देखने को मिल सकता है। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि अगर विपक्षी खेमे में सेंध लगी, तो दीपक प्रकाश के लिए सत्ता के दरवाजे फिर खुल सकते हैं।
