पटना : पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार अग्निशमन सेवा के लिए खरीदे गए 80 अत्याधुनिक अग्निशमन वाहनों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने एआई आधारित आधुनिक अग्निशमन नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों को विकास कार्यों में एआई तकनीक का उपयोग करना चाहिए, इससे लागत में कमी और पारदर्शिता बढ़ेगी।
अग्निशमन जवानों को बताया “वीर योद्धा”
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अग्निशमन सेवा के जवान आपदा के समय लोगों की जान बचाकर बड़ी जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 8 हजार प्रशिक्षित जवान कार्यरत हैं, जो अग्निकांड, बाढ़ और अन्य आपदाओं में पूरी तत्परता से काम करते हैं। कार्यक्रम में जवानों ने कमांडो प्रदर्शन और वाटर सैल्यूट शो के जरिए अपनी क्षमता का प्रदर्शन भी किया।
बिहार में निवेश और विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और सरकार का लक्ष्य 20 नवंबर 2026 तक राज्य में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाना है। उन्होंने उद्योगपतियों और बिहार से बाहर रह रहे लोगों से राज्य में निवेश करने की अपील की। साथ ही पंचायत स्तर पर शुरू हो रहे “सहयोग शिविर” कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि आम जनता के आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निपटारा अनिवार्य होगा।
