पटना : बिहार में किसानों को उर्वरक (खाद) की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने वितरण प्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत अब किसानों को भूमि सत्यापन और खाद की बुकिंग में होने वाली तकनीकी परेशानियों से राहत मिलेगी। खासकर बटाईदार किसानों के लिए खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है।

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि राज्य के सभी 38 जिलों में 2 अक्टूबर 2026 से Framework for Fertilizer Sales (FFS) के माध्यम से उर्वरकों की बिक्री शुरू की गई थी। इस व्यवस्था का उद्देश्य खाद की बिक्री और वितरण में पारदर्शिता लाना तथा कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाना है। इसके लिए एग्रीस्टैक योजना के तहत जारी फार्मर रजिस्ट्री का भी उपयोग किया जा रहा है।

हालांकि, नई व्यवस्था लागू होने के बाद किसानों और उर्वरक विक्रेताओं को कई व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से नवंबर के पहले सप्ताह से मोबाइल नंबर के माध्यम से भूमि सत्यापन अनिवार्य किए जाने के कारण बड़ी संख्या में किसानों को खाद लेने में परेशानी हो रही थी।

किसानों की इन समस्याओं को देखते हुए कृषि विभाग ने FFS सॉफ्टवेयर में आवश्यक तकनीकी बदलाव किए हैं। अब जिला और प्रखंड स्तर पर लॉगिन आईडी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से किसान अपना भूमि विवरण दर्ज कर खाद की बुकिंग कर सकते हैं।

बटाईदार किसानों को भी मिलेगी खाद की सुविधा

कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों को हो रही परेशानियों को देखते हुए संबंधित तकनीकी सुधार होने तक FFS के तहत पूर्व की व्यवस्था बहाल करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत Tier-2 (वंशावली के आधार पर) और Tier-3 (बटाईदार किसान) श्रेणी के आवेदनों पर सीधे QR Code जनरेट करने के लिए सॉफ्टवेयर में बदलाव कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में रबी फसल की बुआई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है। ऐसे में किसानों को खाद के लिए परेशान होना उचित नहीं है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक किसान को खेती के लिए जरूरी उर्वरक समय पर और आसानी से उपलब्ध हो।

किसानों की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उर्वरक वितरण में किसी भी तरह की परेशानी को दूर करने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।

किसान खाद की उपलब्धता, वितरण और इससे जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग के व्हॉट्सऐप नंबर 7766085888 और किसान हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकते हैं। सरकार के इस फैसले से रबी सीजन में किसानों के साथ-साथ बटाईदार किसानों को भी खाद प्राप्त करने में राहत मिलने की उम्मीद है।

You missed