रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 66 हजार 664 महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल, मई और जून 2026 की सम्मान राशि एकमुश्त भेज दी गई है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रत्येक लाभुक को 7,500 रुपये की दर से कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार यह योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। एकमुश्त राशि मिलने से महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिलने के साथ-साथ दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।
कांके में सबसे अधिक महिलाओं को मिला लाभ
रांची जिले के लगभग सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं के खातों में सम्मान राशि पहुंच चुकी है। लाभुकों की संख्या के मामले में कांके प्रखंड सबसे आगे रहा, जहां 31,094 महिलाओं को योजना का लाभ मिला। इसके अलावा टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,006, मांडर में 22,885, सिल्ली में 21,031, बेड़ो में 20,519, चान्हो में 19,299, रातू में 18,500, तमाड़ में 18,411 और ओरमांझी में 17,824 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई।
इसके अतिरिक्त नामकुम, नगड़ी, बुढ़मू, अनगड़ा, सोनाहातू, अरगोड़ा, हेहल, खलारी, लापुंग, राहे समेत अन्य क्षेत्रों की हजारों महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला है।
इन क्षेत्रों में भुगतान अभी प्रक्रियाधीन
जिला प्रशासन ने बताया कि बड़गाईं अंचल और इटकी प्रखंड के पात्र लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही इन क्षेत्रों की सभी पात्र महिलाओं के बैंक खातों में भी सम्मान राशि भेज दी जाएगी।
उपायुक्त ने दिए शीघ्र भुगतान के निर्देश
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में भुगतान लंबित है, वहां सभी पात्र लाभुकों को जल्द से जल्द योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
अमृता कुमारी
