रांची: झारखंड के सरकारी स्कूलों में रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के बावजूद विशेष अभियान के तहत स्कूल खोले जाएंगे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 28 और 30 अगस्त को स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान चलाया जाएगा।
विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने इस संबंध में सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को दिशा-निर्देश भेजे हैं। केंद्र सरकार के निर्देश के अनुरूप 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
रक्षाबंधन के दिन एक घंटे खुलेंगे स्कूल
निर्देश के अनुसार 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर सुबह 9 बजे से 10 बजे तक सरकारी स्कूल खुले रहेंगे। इस दौरान स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 30 अगस्त को रविवार होने के बावजूद अभियान के तहत आवश्यक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
शिक्षकों को मिलेगा क्षतिपूरक अवकाश
अवकाश के दिन स्कूल खोलने के बदले शिक्षकों को क्षतिपूरक अवकाश दिया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत होने वाली गतिविधियां केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रहेंगी। सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में भी तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
खेल गतिविधियों से जुड़ेंगे विद्यार्थी
28 से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को विभिन्न खेल गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें सक्रिय रूप से खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर को ध्यान में रखते हुए इस अभियान के जरिए विद्यार्थियों को खेलों के महत्व, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा।
अमृता कुमारी
