कैमूर: अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान ने मंगलवार को कैमूर जिले के प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम पहुंचकर सेवा संकल्प अभियान के तहत माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मंत्री ने मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
भिक्षावृत्ति कर रहे बच्चों से मंत्री ने किया संवाद
मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान मंत्री लखेंद्र पासवान ने ऐसे बच्चों से भी संवाद किया, जो विद्यालय नहीं जाते हैं और भिक्षावृत्ति का कार्य करते हैं। बच्चों से बातचीत के बाद उन्होंने उनकी शिक्षा और भविष्य को लेकर गंभीरता दिखाई।
मंत्री ने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इन बच्चों को विभाग द्वारा संचालित आवासीय विद्यालयों में नामांकन दिलाने की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
स्वच्छता, शिक्षा और सेवा पर जोर
सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्री ने स्वच्छता और शिक्षा को जनकल्याण से जोड़ते हुए समाज के वंचित वर्गों के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, शिक्षा और सेवा के माध्यम से जनकल्याण के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाना है।
मंत्री की पहल के बाद संबंधित अधिकारियों को बच्चों के आवासीय विद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
