राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिहार के पैरा एथलीट खिलाड़ियों का सम्मान
पटना, 29 अगस्त 2026: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले बिहार के पैरा एथलीट खिलाड़ियों श्री सोमन राणा और श्री झंडू कुमार को सम्मानित किया।
पुरुष F57 शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीतने वाले सोमन राणा को 30 लाख रुपये तथा पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतने वाले झंडू कुमार को 15 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया। दोनों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके शानदार प्रदर्शन ने न केवल देश का गौरव बढ़ाया है, बल्कि बिहार को भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित करना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण, कोच गौतम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
