भागलपुर: विद्या भारती के क्षेत्रीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग की पूर्व संध्या पर सोमवार, 14 सितंबर 2026 को शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, नरगाकोठी, चंपानगर, भागलपुर के परिसर में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कांफ्रेंस की अध्यक्षता भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने की।

प्रदीप कुमार कुशवाहा ने बताया कि 15 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक पांच दिवसीय क्षेत्रीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, नरगाकोठी, चंपानगर में आयोजित किया जाएगा। इसमें बिहार और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 40 पूर्णकालिक कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

उन्होंने बताया कि अभ्यास वर्ग में उत्तर बिहार से 13, दक्षिण बिहार से 10 और झारखंड से 13 पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय संगठन मंत्री, अखिल भारतीय मंत्री, क्षेत्रीय संगठन मंत्री और क्षेत्रीय मंत्री सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

संगठनात्मक और वैचारिक दृष्टिकोण को मजबूत करना उद्देश्य

प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि विद्या भारती के विचारों को समाज के जन-जन तक पहुंचाना इस अभ्यास वर्ग का प्रमुख उद्देश्य है। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के संगठनात्मक एवं वैचारिक दृष्टिकोण को मजबूत करने, सामाजिक दायित्वों को समझने और समाज के सामने मौजूद चुनौतियों की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में काम करने पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के साथ जुड़ाव बढ़ाना और सामाजिक सरोकारों के प्रति कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय बनाना भी इस अभ्यास वर्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

25 सितंबर को देशभर में होगा वंदे मातरम् गायन

गयाजी के विभाग निरीक्षक उमाशंकर पोद्दार ने भी क्षेत्रीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्या भारती की ओर से 25 सितंबर 2026 को पूरे देश में एक साथ सुबह 11 बजे वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों एवं देशवासियों से इस सामूहिक आयोजन में भाग लेकर वंदे मातरम् का गायन करने की अपील की।

प्रेस कांफ्रेंस में भागलपुर विभाग जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, बांका विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद, रोहतास विभाग निरीक्षक धरणीकांत पाण्डेय, मुंगेर विभाग जिला निरीक्षक वीरेंद्र कुमार, भोजपुर विभाग प्रवासी कार्यकर्ता लालबाबू प्रसाद यादव, पटना विभाग प्रवासी कार्यकर्ता सुमन कुमार सिंह, जिला निरीक्षक गंगा चौधरी, परमेश्वर कुमार, प्रवासी कार्यकर्ता, प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक मौजूद रहे।

You missed