देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार पहली बार एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है। बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रबंधन श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए करीब 50 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक एएलएस एंबुलेंस खरीदेगा। इसके लिए निविदा भी जारी कर दी गई है।

यह निर्णय श्रावणी मेला की समीक्षा बैठक के दौरान लिया गया। बैठक में सिविल सर्जन ने बताया था कि देवघर में फिलहाल एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम वाली एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। इसके बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर कोष से एएलएस एंबुलेंस खरीदने का फैसला किया गया।

गंभीर मरीजों को मिलेगा तुरंत इलाज

श्रावणी और भादो मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। भीड़, गर्मी और उमस के कारण कई बार श्रद्धालुओं की तबीयत अचानक बिगड़ जाती है। नई एएलएस एंबुलेंस की मदद से मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही आवश्यक जीवन रक्षक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे गंभीर मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी।

इस अत्याधुनिक एंबुलेंस में आपातकालीन चिकित्सा के लिए सभी जरूरी उपकरण उपलब्ध रहेंगे। इनमें ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर, कार्डियक मॉनिटर, लाइफ सपोर्ट सिस्टम और आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां शामिल होंगी। प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ भी मरीजों को अस्पताल पहुंचने तक प्राथमिक और उन्नत चिकित्सा सहायता प्रदान करेगा।

श्रावणी मेला में पहली बार शुरू की जा रही यह सुविधा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

विकास कुमार उपाध्याय

You missed