बोकारो: झारखंड के बोकारो के युवा जंप रोप खिलाड़ी मल्लिकार्जुन मिश्रा ने श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित साउथ एशियन यूथ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। 27 से 30 जून तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने न केवल झारखंड, बल्कि पूरे भारत का गौरव बढ़ाया। भारत ने प्रतियोगिता में कुल 12 स्वर्ण पदक जीते, जिनमें मल्लिकार्जुन के दो स्वर्ण पदकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

फ्रीस्टाइल और ट्रिपल अंडर में जीता स्वर्ण

एकलव्य स्पोर्ट्स आर्ट एंड कल्चर अकादमी एवं बोकारो जिला जंप रोप संघ के खिलाड़ी मल्लिकार्जुन ने पहले फ्रीस्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में नेपाल दूसरे और बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद उन्होंने ट्रिपल अंडर स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस मुकाबले में भूटान को रजत और बांग्लादेश को कांस्य पदक मिला।

परिवार के सहयोग से मिली सफलता

मल्लिकार्जुन मिश्रा बोकारो निवासी ब्रज भूषण मिश्रा और कुसुम मिश्रा के पुत्र हैं। उनके पिता सेल के हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) में चार्जमैन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। परिवार के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन ने उनकी इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है।

कोच और माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय

अपनी इस उपलब्धि पर मल्लिकार्जुन ने नियमित अभ्यास, माता-पिता के सहयोग और अपने कोच राहुल प्रताप के मार्गदर्शन को सफलता का आधार बताया। वहीं, कोच राहुल प्रताप ने कहा कि मल्लिकार्जुन की यह उपलब्धि पूरे झारखंड और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि मल्लिकार्जुन भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए कई और पदक जीतकर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

विकास कुमार उपाध्याय