पटना : राजधानी पटना के ज्ञान भवन में आज से पांच दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग और बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है।
रोजगार मेले में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस, रिटेल सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। विभाग की ओर से मेले के माध्यम से करीब 20 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
टाटा और रिलायंस समेत कई बड़ी कंपनियां होंगी शामिल
विभाग के मुताबिक रोजगार मेले में कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी पेमेंट्स बैंक, मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड, क्लिक्स, फ्लिपकार्ट, टीसीआई एक्सप्रेस, जॉनसन (लिफ्ट एंड एस्केलेटर), टीवीएस क्रेडिट, ट्रेंट लिमिटेड (टाटा समूह) और रिलायंस रिटेल समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए नियोजकों और अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। रोजगार की तलाश कर रहे युवा detjob.bihar.gov.in/registration पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण के रोजगार मेले में प्रवेश नहीं मिलेगा। मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 18002965656 टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। बिहार के युवाओं के लिए यह रोजगार मेला विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी पाने और अपने करियर को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।
