बेगूसराय : ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास, आर्थिक आत्मनिर्भरता और रोजगार के स्थायी अवसरों से जोड़ने की दिशा में बेगूसराय स्थित NIFT पटना के एक्सटेंशन सेंटर में जीविका दीदियों के लिए प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने की।

कार्यक्रम में करीब 140 जीविका दीदियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली महिलाओं को उनके कौशल के प्रमाण के रूप में प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक जीविका दीदी को प्रतिमाह 5,000 रुपये का स्टाइपेंड भी दिया गया, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
समारोह में ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार, आत्मनिर्भरता और करियर में आगे बढ़ने के अवसरों को लेकर संवाद एवं चर्चा की गई। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और उत्पादन क्षमता को विस्तार देने के लिए आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
NIFT पटना और ABFRL की संयुक्त पहल
बेगूसराय में आयोजित यह विशेष कौशल विकास कार्यक्रम NIFT पटना और आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड (ABFRL) के संयुक्त सहयोग से संचालित किया गया। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आधुनिक कौशल से प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में NIFT पटना के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा, जीविका के डीपीएम अविनाश, एसडीओ (डुमरांव) राजीव सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि जमीनी स्तर पर महिला उद्यमिता को मजबूत करने के लिए संस्थागत सहयोग को लगातार बढ़ाया जाएगा। कौशल प्रशिक्षण के साथ आवश्यक संसाधन और मशीनरी उपलब्ध कराकर जीविका दीदियों को अपने छोटे व्यवसायों को सफल एवं टिकाऊ उद्यम में बदलने के लिए सक्षम बनाया जाएगा।

यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
