पटना: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सुपरवाइजिंग स्टाफ को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड की वार्षिक आमसभा शनिवार को पटना के रवींद्र भवन, आर-ब्लॉक में भव्य रूप से आयोजित की गई। इस आमसभा में बिहार और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 1500 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संस्था की उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति, सदस्य कल्याण और भविष्य में सोसाइटी के विस्तार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक, पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा एसबीआई पटना मंडल के महाप्रबंधक (झारखंड) बेनुधर पढ़ी, एसबीआई अधिकारी संघ के पटना मंडल अध्यक्ष रंजन कुमार सिंह और महासचिव अमरेश विक्रमादित्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। सभा में सोसाइटी की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा, वित्तीय उपलब्धियों, सदस्यता विस्तार और सदस्यों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी साझा की गई।
सहकारिता से आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर
मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारी संस्थाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक सुरक्षा और सामूहिक समृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। किसी भी सहकारी संस्था की मजबूती उसके सदस्यों की एकजुटता, सहभागिता और आपसी विश्वास पर निर्भर करती है। उन्होंने संस्था के संचालन में पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
एसबीआई पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी ने सोसाइटी के कार्यों की सराहना करते हुए वित्तीय अनुशासन, सुशासन और पारदर्शी कार्यप्रणाली को संस्थागत विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि सदस्यों का विश्वास और प्रबंधन की प्रतिबद्धता किसी भी संस्था की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने सोसाइटी को अपनी कल्याणकारी गतिविधियों का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं, महाप्रबंधक (झारखंड) बेनुधर पढ़ी ने आयोजन की सफलता पर सदस्यों और प्रबंधन समिति को बधाई दी। उन्होंने समाज एवं सदस्यों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं में नए आयाम जोड़ने की बात कही।
एसबीआई अधिकारी संघ के अध्यक्ष रंजन कुमार सिंह ने संगठनात्मक एकजुटता और पारस्परिक सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। महासचिव अमरेश विक्रमादित्य ने कहा कि किसी भी सहकारी संस्था की वास्तविक पूंजी उसके सदस्यों का विश्वास और सहभागिता होती है। उन्होंने सोसाइटी को पारंपरिक ऋण एवं वित्तीय सुविधाओं से आगे बढ़ाकर व्यापक सदस्य कल्याणकारी संस्था के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
अध्यक्ष ने प्रस्तुत किया संस्था का प्रतिवेदन
सोसाइटी के अध्यक्ष शिवाधार लाल ने अध्यक्षीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्था की ऐतिहासिक यात्रा, वित्तीय उपलब्धियों, सदस्य कल्याण के लिए किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोसाइटी लगातार प्रगति करते हुए एक सशक्त वित्तीय एवं कल्याणकारी संस्था के रूप में अपनी पहचान बना रही है। प्रबंधन समिति सदस्यों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, वित्तीय आधार मजबूत करने और संस्था की गतिविधियों का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आमसभा में सोसाइटी के भावी विस्तार और सदस्य कल्याण से जुड़े कई दूरगामी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव रखे और संस्था को अधिक प्रभावी एवं सदस्य-केंद्रित बनाने की आवश्यकता बताई।
मुकेश कुमार ने किया धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम का मंच संचालन सोसाइटी के उपाध्यक्ष निकेश नन्दन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव मुकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर समिति के निदेशक रजनीश कुमार श्रीवास्तव, विजय कुमार भारती, रितेश कुमार, प्रशांत कुमार मिश्रा, अभिषेक केसरी, राकेश कुमार गुप्ता, मनोज कुमार सिन्हा, पंकज कुमार, समीर कुमार सिंह, प्रमोद कुमार राकेश, राकेश चौधरी, विजय शंकर राय, पल्लवी पाराशर एवं सीमा सिन्हा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
