ब्रह्मपुर (गंजाम): बाेर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (बीएसई) ओडिशा द्वारा घोषित दसवीं मैट्रिक परीक्षा परिणाम में गंजाम जिले के सरकारी बालिका उच्च विद्यालय ब्रह्मपुर-2 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.03% सफलता हासिल की है। विद्यालय की 298 परीक्षार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं, जिससे विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।

विद्यालय की परीक्षार्थियों ने विभिन्न ग्रेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परीक्षा में 05 छात्राओं ने A-1 ग्रेड प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया, जबकि 05 छात्राओं ने A-2 ग्रेड हासिल किया। इसके अलावा 25 छात्राओं को B-1 ग्रेड तथा 58 छात्राओं को B-2 ग्रेड मिला। वहीं 83 छात्राओं ने C ग्रेड, 79 छात्राओं ने D ग्रेड और 43 छात्राओं ने E ग्रेड प्राप्त किया। वहीं सिर्फ 6 बच्चों को असफलता मिली है। 6 परीक्षार्थी ने F ग्रेड हासिल किया।

गौरतलब है कि बीएसई ओडिशा द्वारा आयोजित यह परीक्षा 19 फरवरी से 2 मार्च तक चली थी, जिसमें विद्यालय की कुल 304 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था जिसमें 298 परीक्षार्थी सफल रहें। विद्यालय की इस उपलब्धि से अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह देखा जा रहा है।

परीक्षार्थियों की सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी, प्रधानाध्यापक ने दी बधाई

विद्यालय के शानदार परीक्षा परिणाम पर प्रधानाध्यापक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद छात्राओं ने अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई कर यह उपलब्धि हासिल की है, जो पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है।

प्रधानाध्यापक ने सभी सफल छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेगा। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में छात्राओं और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।