पटना: बिहार में लगातार हो रहे पुलिस एनकाउंटर अब राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बनते जा रहे हैं। रविवार सुबह सिवान में भाजपा नेता के भांजे की हत्या के आरोपित को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। इस कार्रवाई के बाद केंद्रीय मंत्री Jitan Ram Manjhi ने खुलकर बिहार सरकार और मुख्यमंत्री Samrat Choudhary की तारीफ की।
मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अपराधियों पर सम्राट की पराक्रमी सेना का कहर जारी है। चुन-चुनकर अपराधियों को ज़मींदोज़ किया जा रहा है। कहा था न सबका हिसाब होगा। या तो सुधर जाइए या बिहार छोड़ दीजिए।”
पहले भी विपक्ष पर साध चुके हैं निशाना
यह पहला मौका नहीं है जब मांझी ने बिहार सरकार की एनकाउंटर नीति का समर्थन किया हो। इससे पहले 29 अप्रैल को भी उन्होंने एक पोस्ट में विपक्ष पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने लिखा था कि “सम्राट की पराक्रमी सेना के सामने सिकंदर महान भी घुटने टेक देता। तेजस्वी यादव गैंग की क्या हैसियत… अब नया बिहार है, जहां गोली का जवाब तोप से दिया जाएगा।”
विपक्ष ने उठाए सवाल
लगातार हो रहे एनकाउंटर को लेकर विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं। Tejashwi Yadav की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था के नाम पर “एनकाउंटर की राजनीति” की जा रही है।
बिहार में तेज हुई नई बहस
राज्य में बढ़ती एनकाउंटर घटनाओं को लेकर अब “कानून-व्यवस्था बनाम राजनीतिक संदेश” की बहस तेज हो गई है। सत्तापक्ष इसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई बता रहा है, जबकि विपक्ष इसे कानूनी प्रक्रिया से इतर कदम मान रहा है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा बिहार की राजनीति में और गर्मा सकता है।
