भागलपुर : भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति के तत्वावधान में गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल, नरगाकोठी, चंपानगर, भागलपुर में शनिवार को 37वें प्रांतीय एथलेटिक्स खेलकूद समारोह का शुभारंभ हुआ। समारोह का उद्घाटन क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम, संरक्षक एवं विशिष्ट अतिथि लक्ष्मीनारायण डोकानिया, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, सह प्रांत प्रचारक आशीष कुमार, प्रांत सह कार्यवाह बालमुकुंद गुप्त, समाजसेवी अतुल ढांढनियां एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। विद्यार्थियों के लिए खेल शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की पहली शिक्षा अपने शरीर को स्वस्थ रखने की होनी चाहिए। खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के छात्र प्रतिवर्ष एसजीएफआई की प्रतियोगिताओं में भी पुरस्कृत होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि जीतना एवं सीखना ही खेल का उद्देश्य है।

प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि भारतीय शिक्षा के भारतीयकरण के उद्देश्य से सरस्वती शिशु मंदिर की शुरुआत गोरखपुर से हुई थी, जो आज अखिल भारतीय स्तर पर एक बड़े वट वृक्ष के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने कहा कि शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के पंचकोश का विकास संभव है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1988 में विद्या भारती में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई थी और अब लगातार 37 वर्षों से इसका आयोजन किया जा रहा है। विद्या भारती के छात्र एसजीएफआई सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयनित होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर देने की घोषणा भी की गई है।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागी क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जिसका आयोजन झारखंड के जमशेदपुर में होगा। इसके बाद क्षेत्रीय स्तर पर सफल विद्यार्थी गाजियाबाद में आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे और वहां से चयनित खिलाड़ी एसजीएफआई में भाग लेंगे।

विशिष्ट अतिथि लक्ष्मीनारायण डोकानिया ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए खेल आवश्यक है। विद्यार्थियों को मनोयोग से खेल का अभ्यास करते हुए सफलता प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए।

प्रांत सह कार्यवाह बालमुकुंद गुप्त ने 37वें प्रांतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा की। सह प्रांत प्रचारक आशीष कुमार ने ध्वजारोहण किया। संगठन मंत्री ख्यालीराम ने ज्योति प्रज्वलित कर खेल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन बांका के विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कराया।

समारोह में विद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा, कोषाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद, विभाग निरीक्षक उमाशंकर पोद्दार, धरणीकांत पांडेय, सतीश कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार, गंगा चौधरी, परमेश्वर कुमार, लाल बाबू प्रसाद, राकेश पांडेय, दीपक कुमार झा, शशि भूषण मिश्रा, ममता जायसवाल, डॉ. संजीव झा, अभिजीत आचार्य, मंजीत झा सहित 17 जिलों एवं सात विभागों से आए प्रतिभागी भैया-बहन और संरक्षक आचार्य उपस्थित रहे।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट