हाजीपुर: हाजीपुर सिविल कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए कैदी सोनू राय ने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पेशी खत्म होने के बाद सभी कैदियों को पुलिस वैन में बैठाया जा रहा था, तभी सोनू मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

500 रुपये को लेकर शुरू हुई बहस

बताया जा रहा है कि एक कैदी के परिजन उसे 500 रुपये देने पहुंचे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी ने नोट छीन लिया, जिसके बाद परिजन और पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई। इस बहस में पुलिसकर्मी उलझे रहे और सुरक्षा में बड़ी चूक हो गई।

रेलवे लाइन की ओर भागा, पुलिस रह गई खाली हाथ

बहस का फायदा उठाकर सोनू राय पुलिस वैन में बैठने की बजाय रेलवे लाइन की तरफ दौड़ पड़ा। भागने के दौरान वह कई गाड़ियों से टकराया, लेकिन रुका नहीं। नगर थाना पुलिस ने काफी दूर तक पीछा किया, फिर भी कैदी फरार होने में सफल रहा। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।