पटना : ऐश्वर्या राज ने मिसेज बिहार 2025 का खिताब जीता है। ऐश्वर्या भोजपुर जिले की तरारी सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक विशाल प्रशांत की पत्नी हैं और बाहुबली सुनील पांडेय उर्फ नरेंद्र नाथ पांडेय की बहू हैं। सुनील पांडेय भी चार बार विधायक रह चुके हैं। राजधानी पटना के एक होटल में रविवार को मिसेज बिहार 2025 का ग्रैंड फिनाले आयोजित हुआ। इस प्रतियोगिता में ऐश्वर्या राज ने ग्रैंड फिनाले में भाग लेने वालीं 14 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ कर यह ताज अपने नाम किया।
कांटे की टक्कर वाली प्रतियोगिता में अपूर्वा गुप्ता फर्स्ट रनरअप और शुभांगी बगेवादी सेकेंड रनरअप बनीं। इस प्रतियोगिता में बिहार की 21 से 55 वर्ष की उम्र की महिलाओं ने भाग लेकर न केवल अपनी सुंदरता बल्कि आत्मविश्वास, प्रतिभा और सोच का भी परिचय दिया। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के बाद कुल 14 प्रतिभागियों को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया था।
आयोजक प्रवीण सिन्हा ने बताया कि इस फिनाले में चार महत्वपूर्ण राउंड -बॉलीवुड राउंड, इंट्रोडक्शन राउंड, फैशन वॉक और प्रश्नोत्तर राउंड का आयोजन किया गया। मौके पर मिसेज वर्ल्ड 2022 सरगम कौशली और मिसेज इंडिया गैलेक्सी नितिका सत्या बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाओं में अद्भुत आत्मविश्वास है और वे अब हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
एयर होस्टेस और एमबीए की पढ़ाई कर चुकी हैं ऐश्वर्या
मिसेज बिहार 2025 ऐश्वर्या राज मूलरूप से पटना की रहने वाली हैं। खगौल के केंद्रीय विद्यालय में उन्होंने स्कूली शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकॉम और पटना विश्वविद्यालय से एमबीए की। ऐश्वर्या राज का एयर होस्टेस बनने का सपना भी रहा है। उन्होंने गुरुग्राम के एक इंस्टीट्यूट से एयरहोस्टेस का कोर्स भी किया था। लगभग 5 साल पहले ऐश्वर्या की शादी बाहुबली सुनील पांडेय के बेटे विशाल प्रशांत से हुई थी। विशाल और ऐश्वर्या के एक बेटा भी है।