रांची : रांची के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजुनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय परिसर से खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। ये जागरूकता रथ मुख्य रूप से खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत चल रहे धान अधिप्राप्ति अभियान के बारे में किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से रवाना किया गया है।

अधिप्राप्ति प्रक्रिया इस हफ्ते से ही पूरे राज्य में प्रारंभ हो चुकी है। किसानों को केंद्र सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2369 प्रति क्विंटल के अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा ₹81 प्रति क्विंटल का बोनस प्रदान किया जा रहा है, जिससे कुल दर ₹2450 प्रति क्विंटल हो जाती है। भुगतान एकमुश्त एवं समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।

वही जागरूकता रथ के माध्यम से न केवल धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया, पंजीकरण, अधिप्राप्ति केंद्रों की जानकारी तथा बोनस योजना के बारे में विस्तृत प्रचार-प्रसार किया जाएगा, बल्कि विभाग द्वारा संचालित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राशन कार्ड वितरण, खाद्य सुरक्षा योजना, उपभोक्ता अधिकार एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचाई जाएगी। यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों में भ्रमण कर लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। धान अधिप्राप्ति अभियान से किसानों को उचित मूल्य मिलेगा तथा बिचौलियों से मुक्ति मिलेगी। साथ ही, जागरूकता रथ के माध्यम से विभाग की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाकर पारदर्शिता एवं लाभार्थी पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन एवं विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा किसानों की किसी भी समस्या का त्वरित निराकरण करें।

कार्यक्रम में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय उपस्थित रही।

जानकारी दे दे कि ई-उपार्जन मोबाईल एप्लिकेशन से किसान स्वयं पंजीकरण, स्लॉट बुकिंग और भुगतान स्थिति देख सकते हैं।

सभी केन्द्रों पर 4G ई-POS डिवाइस से बायोमैट्रिक सत्यापन कर सुरक्षित लेन-देन सुनिश्चित किया जाएगा।

किसी भी जानकारी या सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाईन 1967 या 18002125512 पर कॉल करें।

किसानों से आग्रह-अपना धान सीधे सरकारी अधिप्राप्ति केंद्रों पर बेचें और MSP का पूरा लाभउठाएँ।

टोल-फ्री हेल्पलाईन नंबर 1800 2125 512,1967 उपलब्ध है।

राँची जिलान्तर्गत खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत् कुल 43 लैम्पस / पैक्स के माध्यम से धान अधिप्राप्ति किया जाना है।

जिला के लिए कुल 3.50 लाख क्विंटल धान अधिप्राप्ति किये जाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसे अधिप्राप्ति केन्द्रवार कुल -43 केंद्र निर्धारित किया गया है।

जिला में कुल 7755 किसान निबंधित है। नये किसान https://uparjan.jharkhand.gov.in पर ऑनलाईन निबंधन करा सकते है।

रांची से विकास कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट