पटना : बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने घोषणा की है कि राज्य के नगर निकायों में लंबित सशक्त स्थायी समिति के निर्वाचन का कार्य 26 मई से 31 मई 2026 के बीच कराया जाएगा। इसके लिए सभी जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) को अपने-अपने जिलों में निर्वाचन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अप्रैल में टली थी चुनाव प्रक्रिया, अब निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से होगा निर्वाचन

मंत्री ने बताया कि इससे पहले 15 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक निर्वाचन कार्यक्रम तय किया गया था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया था। जिन नगर निकायों में 15 अप्रैल को चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, वहां पूर्व से निर्वाचित सशक्त स्थायी समिति कार्य करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अब स्थगित प्रक्रिया को दोबारा शुरू करते हुए सभी जिलाधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव कराने का निर्देश दिया है। मंत्री ने विश्वास जताया कि सशक्त स्थायी समिति के गठन से नगर निकायों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और शहरी प्रशासन अधिक मजबूत होगा।