पटना : बिहार सरकार ने गयाजी के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 324 एकड़ क्षेत्र में नए जलाशय (डैम) के निर्माण को मंजूरी दी है। 8.5 एमसीएम क्षमता वाला यह डैम औद्योगिक इकाइयों की जरूरतों को पूरा करेगा। यह परियोजना पूर्वी समर्पित फ्रेट कॉरिडोर के साथ विकसित किए जा रहे गयाजी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का अहम हिस्सा होगी, जिससे निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

गयाजी से बैंकॉक के लिए इंडिगो की सीधी उड़ान

राज्य कैबिनेट ने गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बैंकॉक (थाईलैंड) के बीच नॉन-स्टॉप फ्लाइट सेवा शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस का चयन किया गया है। सरकार ने व्यवहार्यता अंतर निधि योजना के तहत अधिकतम 12 महीने के लिए 10 करोड़ 40 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की है। इस फैसले से पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।

बॉर्डर सुरक्षा मजबूत करने के लिए नया आईजी पद

नेपाल सीमा और अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने विशेष शाखा के तहत पुलिस महानिरीक्षक (आईजी बॉर्डर) का नया पद सृजित करने का फैसला लिया है। सरकार का मानना है कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और आसूचना तंत्र को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

युवा पेशेवर नीति और नए उद्योगों को मंजूरी

कैबिनेट बैठक में “युवा पेशेवर चयन नीति-2026” को भी मंजूरी दी गई। इस नीति के जरिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को विशेषज्ञ और प्रतिभाशाली युवाओं की सेवाएं तेजी से उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा नालंदा और कैमूर में 161.63 करोड़ रुपये के निजी निवेश से दो बड़े उद्योग लगाने को प्रशासनिक मंजूरी मिली है। नालंदा में राइस मिल और कैमूर में इथेनॉल प्लांट स्थापित होंगे, जिनसे 278 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 747.97 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी स्वीकृत की गई है।