दिल्ली स्थित मालवीय स्मृति भवन में शनिवार शाम गवर्नेंस एंड इकोनॉमिक मोटिवेटर्स (जेम्स) ऑफ बिहार द्वारा 6वें स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह संगठन मूल रूप से बिहार के रहने वाले CA, CS और CMA पेशेवरों द्वारा गठित है। कार्यक्रम में देशभर से जुड़े गणमान्य सदस्यों ने भाग लिया और बिहार को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।

बिहार में निवेश बढ़ाने पर जोर

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बिहार में निवेश की अपार संभावनाएं हैं और अब समय आ गया है कि निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जाए। वक्ताओं ने मखाना उद्योग, रियल एस्टेट, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए बताया कि बिहार तेजी से उभरता हुआ बाजार बन सकता है। उन्होंने कहा कि बड़े कॉर्पोरेट संस्थानों में कार्यरत बिहार के CA, CS और CMA पेशेवर निवेशकों को बिहार की ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

युवाओं के विकास और रोजगार सृजन पर चर्चा

समारोह के दौरान बिहार के युवाओं के समग्र विकास और रोजगार सृजन के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि राज्य में कौशल विकास, उद्यमिता और उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि बिहार के विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की टीम बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है।

संगठन के उद्देश्यों और चुनौतियों पर मंथन

कार्यक्रम में GEMS के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक स्तर पर बिहार के CA, CS और CMA समुदाय को सशक्त बनाने की रणनीतियों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता CS सी. बी. मिश्रा ने की, जबकि संचालन CA आशीष नीरज और CS दुर्गेश झा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में CA आदित्य झा, CMA सुमन कुमार झा, CA सरोज झा, CS राम किशोर सिंह, CS परमेश्वर झा और CA शिवानंद चौधरी सहित पूरी कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।