पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET)-2026 की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।

लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने बताया कि राज्य के 35 जिलों में कुल 331 परीक्षा केंद्रों पर नीट-2026 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जाए।

परीक्षार्थियों को सरकारी बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा सुविधा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नीट-2026 में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में परीक्षा के दिन निःशुल्क आवागमन की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों को इस संबंध में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए।

मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सहायता सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन और सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।