पटना: बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य सरकार ने संकेत दिया है कि इस बार पंचायत चुनाव बिना परिसीमन के कराए जाएंगे। हालांकि आरक्षण रोस्टर में बदलाव किया जाएगा और पहली बार सभी छह पदों के लिए मल्टी पोस्ट EVM का इस्तेमाल होगा। चुनाव की तैयारियों को राज्य निर्वाचन आयोग अंतिम रूप दे रहा है। बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पंचायत चुनाव तय समय पर कराने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में EVM के रखरखाव, मल्टी पोस्ट EVM की खरीद और अन्य प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

आरक्षण रोस्टर में होगा बदलाव

मंत्री ने बताया कि पिछला आरक्षण रोस्टर लागू हुए लगभग 10 वर्ष पूरे हो चुके हैं। ऐसे में इस बार नया आरक्षण रोस्टर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी घोषणा जल्द की जाएगी ताकि चुनाव प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके।

बिना परिसीमन होंगे चुनाव

दीपक प्रकाश ने स्पष्ट किया कि इस बार पंचायत चुनाव बिना परिसीमन के ही कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2021 में कोरोना महामारी के कारण जनगणना नहीं हो सकी थी। वर्तमान में देशभर में जनगणना का कार्य चल रहा है और उसके आंकड़े उपलब्ध होने के बाद नए सिरे से परिसीमन कराया जाएगा।

सभी छह पदों के लिए EVM से होगी वोटिंग

इस बार पंचायत चुनाव में मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, वार्ड सदस्य और पंच सहित सभी छह पदों के लिए मल्टी पोस्ट EVM का उपयोग किया जाएगा। इससे मतदान प्रक्रिया अधिक तेज और पारदर्शी होने की उम्मीद है।

तय समय पर होंगे पंचायत चुनाव

मंत्री ने कहा कि वर्ष 2021 में पंचायत चुनाव दिसंबर तक संपन्न हुए थे। उसी कार्यकाल को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी समय पर चुनाव कराने की तैयारी की जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।